नवरात्र पर आज घरों व मंदिरों में मां दुर्गा के महागौरी व सिद्धिदात्री स्वरूप की पूजा हो रही है। घरों में कंजक पूजन में कंजक के पैर धोकर उन्हें हलवा, पूड़ी, चने का प्रसाद व फल का भोग लगाया जा रहा है। साथ ही उपहार भेंट किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी पत्नी गीता धामी सहित कन्या पूजन किया और आशीर्वाद लिया। उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों के कल्याण, सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने कन्याओं के पैर धुलाकर उनका आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को रामनवमी की शुभकामना दी। साथ ही प्रदेश की खुशहाली और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।