ब्रेकिंग: NDA की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू पहुंची देहरादून, सीएम धामी ने किया स्वागत

Share

देहरादून: एनडीए यानी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू आज उत्तराखंड दौरे पर पहुंची हैं। द्रौपदी मुर्मू आज सुबह 10 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर विशेष विमान से पहुंचीं। इस दौरान जनजाति सांस्कृतिक टीम की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का स्वागत किया गया। यहां से वे सड़क मार्ग से होते हुए देहरादून कचहरी परिसर स्थित शहीद स्थल पर पहुंची शहीद स्थल पर मुर्मू ने उत्तराखंड के आंदोलनकारियों और शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की।

द्रौपदी मुर्मू भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा सांसद और धामी सरकार के मंत्री व विधायकों से मुलाकात करेंगी और राष्ट्रपति चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी पदाधिकारियों से बातचीत करेंगी। संसदीय कार्यमंत्री एवं वित्त मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने बीजेपी के सभी 47 विधायकों और लोकसभा व राज्यसभा के सभी आठ सांसदों से बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने को कहा है।

बता दे, द्रौपदी मुर्मू झारखंड की राज्यपाल रह चुकी हैं। अगर द्रौपदी मुर्मू देश की अगली राष्ट्रपति चुन ली जाती हैं तो वो भारत की पहली आदिवासी राष्ट्रपति बनेंगी। साथ ही भारत की दूसरी महिला राष्ट्रपति भी होंगी। इसके अलावा वो ओडिशा से पहली राष्ट्रपति होंगी। 18 जुलाई को राष्ट्रपति पद के लिए मतदान होगा। वहीं, 21 जुलाई को मतगणना की तारीख निर्धारित है। वही, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा: आज जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की राष्ट्रपति उम्मीदवार आदरणीया श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी का देवभूमि उत्तराखण्ड आगमन पर हार्दिक स्वागत एवं अभिनन्दन किया।