उत्तराखंड विधानसभा चुनाव (Uttarakhand Assembly Elections 2022) में इस बार 65.37 फीसदी वोटिंग हुई है. इसके बाद सभी राजनीतिक दल अपनी अपनी जीत का दावा कर रहे हैं. हालांकि इस वक्त सभी को नतीजों का इंतजार है. ऐसे में पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता हरीश रावत(Harish Rawat)अपने ही अंदाज में 10 मार्च तक के समय को निकाल रहे हैं.
दरअसल हरीश रावत लोगों से जुड़े रहने के लिए हल्द्वानी में तरह-तरह के काम करते दिखाई दे रहे हैं. गुरुवार को वह लालकुआं में एक बारात में शिरकत करने गए थे, जहां वह टिक्की बनाकर बारातियों को खिलाते नजर आए थे.
वहीं, शाम होते-होते रावत हल्द्वानी बाजार पहुंच गए. इस दौरान वह एक चाय की दुकान बन-मक्खन बनाते नजर आए. इस दौरान उन्होंने बन-मक्खन बनाकर वहां मौजूद लोगों को खिलाया भी. वहीं, हरीश रावत का यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. इस दौरान उन्होंने हल्द्वानी बाजार में भ्रमण के दौरान एक दुकान में पिछौड़ा आदि के कीमतों की जानकारी भी ली थी.
हरीश रावत ने किया 48 सीट जीतने का दावा
यही नहीं, कांग्रेस नेता हरीश रावत ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में इस बार 48 सीट जीतने का दावा किया है. उन्होंने कहा कि 48 सीट जीतकर कांग्रेस सरकार बनाने जा रही है, भले ही कुछ सीटों पर जबरदस्त मुकाबला है. रावत ने कहा,’जिस तरह से रिपोर्ट सामने आ रही है इससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के चेहरे खिले नजर आ रहे हैं. वहीं, बीजेपी के अंदर आपसी लड़ाई देखने को मिल रही है. इसके अलावा सीएम चेहरे पर बोलते हुए रावत ने कहा कि सीएम चेहरा हाईकमान तय करेगा.