हरिद्वार पंचायत चुनाव के लिए अधिसूचना जारी, इतने तारीख को होगी वोटिंग और मतगणना…

Spread the love

Haridwar News: हरिद्वार जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री से अनुमोदन मिलने के बाद शासन ने कार्यक्रम जारी कर दिया है। हरिद्वार में पिछली त्रिस्तरीय पंचायतों (ग्राम, क्षेत्र व जिला) का कार्यकाल गत वर्ष मार्च से लेकर जून तक समाप्त हो गया था। इसके बाद पंचायती राज अधिनियम के प्रविधान के अंतर्गत पंचायतों में छह माह के लिए प्रशासक नियुक्त किए गए, लेकिन चुनाव नहीं हो पाए। काफी लंबे समय से लटकते आ रहे पंचायत चुनाव को लेकर सरकार ने ऐलान कर दिया है।

जिलाधिकारी विनय शंकर पांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि 6 से 8 सितंबर तक नामांकन होंगे। जिसके बाद 9 से 11 सितंबर तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। वहीं 12 सितंबर को नामांकन वापस लेने की तिथि होगी और 13 सितंबर को प्रतीकों का आवंटन होगा। मतदान 26 सितंबर और मतगणना 29 सितंबर को होगी। पांडे ने बताया कि चुनाव की तैयारियां पहले से ही पूरी कर ली गई थी। सरकार ने चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। 1 सितंबर को राज्य निर्वाचन आयोग घोषणा करेगा और शाम को जनपद कार्यक्रम के बारे में विस्तार से बताते हुए अधिसूचना लागू कर दी जाएगी।

जिले में जिला पंचायत अध्यक्ष का पद अनारक्षित है। क्षेत्र पंचायत प्रमुख के कुल छह पदों में दो अनारक्षित और एक-एक महिला, पिछड़ी जाति महिला, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित किए गए हैं। ग्राम प्रधानों के कुल 318 पदों में से 171 पिछड़ा वर्ग, 87 अनुसूचित जाति, एक अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किए गए हैं।आरक्षण की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद शासन ने इसकी सूचना राज्य निर्वाचन आयोग को भेजी। इसके बाद आयोग ने चुनाव का प्रस्तावित कार्यक्रम शासन को भेजा।