उत्तराखंड: अब होमगार्ड्स को बीमार या घायल होने पर दिया जाएगा ड्यूटी भत्ता, आदेश जारी

Share

Home guard duty allowance: उत्तराखंड में अब होमगार्ड्स को भी ड्यूटी के दौरान घायल और बीमार होने पर भत्ता दिया जाएगा। जिसका आज शासनादेश जारी हो गया है। पूर्व में सीएम धामी ने होमगार्ड्स स्थापना दिवस-2022 के अवसर पर इसकी घोषणा की थी। पूर्व में होमगार्ड्स के लिए ऐसी स्थिति में कोई ड्यूटी भत्ता नहीं था। पुलिस महानिरीक्षक केवल खुराना ने इस बात की पुष्टि की है। पुलिस महानिरीक्षक/कमांडेंट जनरल होमगार्ड्स केवल खुराना ने बताया कि पूर्व में ऐसी सुविधा न होने से होमगार्ड्स की आर्थिक स्थिती कमजोर हो जाती थी और मेहनती एवं कर्मठ होमगार्ड्स की कार्यक्षमता प्रभावित होती थी। इस परिस्थिति को समझते हुए उत्तराखंड सरकार के सहयोग से ये फैसला किया गया है।

अब होमगार्ड्स स्वयंसेवकों को ड्यूटी के दौरान घायल या बीमार होने पर अस्पताल में भर्ती होने व मुख्य चिकित्सा अधिकारी/चिकित्सा अधीक्षक द्वारा स्वस्थ घोषित किए जाने तक की अवधि (जो पूर्ण सेवाकाल में 06 माह से अधिक नहीं होगी) पर ड्यूटी पर मानते हुए ड्यूटी भत्ता दिया जाएगा। कमाण्डेन्ट जनरल होमगार्ड्स द्वारा होमगार्ड्स मुख्यालय से पत्र जारी करते हुए समस्त जनपदो के जिला कमाण्डेन्ट होमगार्ड्स को आदेशित किया है कि इस शासनादेश के सम्बन्ध में समस्त होमगार्ड्स को अवगत कराया जाए। इस शासनादेश के जारी होने से होमगार्ड्स में खुशी की लहर है। पुलिस महानिरीक्षक/कमाण्डेन्ट जनरल होमगार्ड्स श्री केवल खुराना ने यह भी बताया कि भविष्य में होमगार्ड्स के उत्थान हेतु कई अन्य कल्याणकारी कार्य किये जायेगे। जिससे होमगार्ड्स के मनोबल में और अधिक वृद्वि होगी।