Chardham Yatra: अब यमुनोत्री के लिए भी शुरू होगी हेली सेवा, मानसून के बाद होगा हेलीपैड का निर्माण

मां यमुना के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं का सफर आसान होगा। यमुनोत्री धाम के लिए हेली सेवा संचालित करने की कवायद की जा रही है। जिसे लेकर हेलीपैड का निर्माण किया जा रहा है।

Share

केदारनाथ धाम की तरह अब यमुनोत्री धाम के लिए भी हेली सेवा शुरू होगी। मानसून के बाद हेलीपैड का निर्माण किया जाएगा। Heli Service For Yamunotri Dham इसकी तैयारी शुरू हो गई है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन एवं विकास प्राधिकरण (युकाडा) यमुनोत्री धाम के लिए हेलिकॉप्टर सेवा आरंभ करेगा। हेलीपैड का निर्माण पर्यटन विभाग करवा रहा है। यमुनोत्री धाम में रोपवे के करीब हेलीपैड का निर्माण किया जा रहा है। जैसे ही यह हेलीपैड बनकर तैयार होगा यमुनोत्री धाम तक हेली सेवा का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। ऐसे में हेलीपैड बनने के बाद केदारनाथ धाम की तरह ही यमुनोत्री धाम में भी हेली सेवाओं का संचालन शुरू हो जाएगा, लेकिन इस सीजन हेलीपैड का काम पूरा होने की संभावना न के बराबर है।

उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण से मिली जानकारी के अनुसार, जब शुरुआती दौर में हेलीपैड का निर्माण कार्य शुरू हुआ था, उस दौरान हेलीपैड के लिए चिन्हित जगह से अलग दूसरी जगह पर हेलीपैड का निर्माण कार्य शुरू कर दिया था। जिसके बाद फिर निर्माण का पूरा सिस्टम हटाना पड़ा। इसके बाद चयनित स्थान पर निर्माण कार्य शुरू किया गया, लेकिन मानसून सीजन शुरू होने के बाद निर्माण कार्य ठप पड़ गया है। करीब 15 सितंबर तक मानसून सीजन रहने की संभावना है। जिसके बाद फिर से हेलीपैड का निर्माण कार्य शुरू होगा, लेकिन अक्टूबर महीने के अंत तक चारधाम की यात्रा संपन्न हो जाएगी। जिसके चलते इस सीजन में यमुनोत्री धाम के लिए हेली सेवाओं के संचालन की संभावनाओं पर विराम लग गया है। अब अगले यात्रा सीजन में ही हेली सेवाओं के शुरू होने की उम्मीद है।