रुड़कीः ईद उल अजुहा का पर्व बड़े ही उल्लास से मनाया जा रहा है। मुस्लिम समाज के लोगों ने शहर की जामा मस्जिद, ईदगाह मस्जिद में नमाज अदा कर मुल्क व समाज की सलामती के लिए दुआ मांगी। बकरीद पर लक्सर में भी मस्जिद और ईदगाह में लोगों ने नमाज अदा की और खुदा से अमन, चैन की दुआ मांगी। ईद की नमाज मस्जिदों में सुबह 6 बजे से अता की गई। हरिद्वार के लक्सर निरोजपुर बसेड़ी खड़ंजा कुतुबपुर जगह पर ईद की नमाज अता की गई। इस दौरान मस्जिदों में बड़ी संख्या में भीड़ देखी गई।
सभी लोगों ने एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी और गले मिले। इस दौरान शहर की सुरक्षा व्यवस्था भी चाक चौबंद थी। हर चौराहे पर पुलिस तैनात थी और की जगह ड्रोन से भी मॉनिटरिंग की गई। कलेक्टर और पुलिस कमिश्नर खुद मैदान में डटे रहे। इसके अलावा खुफिया एजेंसी भी अलर्ट पर रखी गई हैं। शहर की ईदगाह मस्जिद में शहर काजी मौलाना निसार अहमद मिस्बाही ने नमाज अदा कराकर, तकरीर पढ़कर देश की अमन-चैन की दुआ मांगी। शहर काजी ने लोगों को लिए दुआएं भी की। कहा कि आफत, बला, हर मुसीबत से भारत को बचाए मालिक। सभी को हर परेशानी से दूर रखें। इस देश में रहने वालों की सब की हिफाजत फरमाए।
रुड़की में भी आज ईद-उल अजहा के त्यौहार पर ईदगाह में हल्की बूंदाबांदी के बीच ईद की नमाज अता की गई है। वहीं, ईदगाह में हजारों की संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने ईद की नमाज अता की। इस दौरान मुफ्ती सलीम ने जानकारी देते हुए बताया कि आज गर्मी बहुत ज्यादा हो रही थी। लेकिन अल्लाह ने मौसम बहुत अच्छा कर दिया। इससे बड़े ही इतमीनान के साथ मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा की गई। वहीं, नमाज के समय ईदगाह के पास सुरक्षा को देखते हुए पुलिस बल भी मौजूद रहा। इस दौरान उन्होंने कुर्बानी को लेकर भी सभी से अपील की है कि कुर्बानी करते समय सफाई का ध्यान जरूर रखें।