देहरादून: उत्तराखंड रोडवेज की बसों का संचालन शुक्रवार को ठप है। देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार, रुड़की, कोटद्वार और श्रीनगर डिपो से अब तक किसी बस का संचालन नहीं हुआ। वहीं, दिल्ली समेत दूसरे प्रदेशों में जाने वाली बसों का संचालन भी नहीं होगा। ऋषिकेश में सुबह 5 बजे से रोडवेज की 69 बसों का संचालन ठप है। बसों का संचालन ना होने से यात्रियों, कामकाजी लोगों और कॉलेज के छात्रों को परेशानी उठानी पड़ी। बता दे, ऋषिकेश डिपो से 67 बस सेवा संचालित होती हैं जो सभी बंद हो गई। इसके अलावा दो सेवा रुड़की तीन सेवा हरिद्वार से संचालित होती हैं, सभी सेवाएं बंद हो गई।
परिवहन निगम के संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर चक्का जाम के चलते रुड़की से दिल्ली देहरादून व अन्य शहरों को जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह के समय बड़ी संख्या में यात्री बस अड्डे पर बसों का इंतजार करते रहे। वहीं उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में बाइपास से चलने वाली बसों को भी अब शहर के अंदर से जाने के निर्देश दिए हैं, जिसके चलते यात्रियों को थोड़ी राहत मिली है।
दरअसल, विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे उत्तराखंड परिवहन निगम कर्मचारी संयुक्त मोर्चा की बुधवार को प्रबंधन से वार्ता विफल हो गई थी। वार्ता नहीं होने के चलते शुक्रवार सुबह से ही रुड़की बस अड्डे पर बसों का संचालन पूरी तरह से ठप कर दिया गया। रुड़की डिपो से पहली बस सुबह 4:00 बजे दिल्ली के लिए रवाना होती है, लेकिन शुक्रवार को कोई भी बस नहीं चल पाई है, जिसकी वजह से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को सबसे परेशानी का सामना करना पड़ा है। गणतंत्र दिवस की छुट्टी होने की वजह से बड़ी संख्या में कामकाजी दिल्ली व अन्य शहरों से रुड़की में आए हुए थे। शुक्रवार को उन्हें वापस जाना था, यही स्थिति देहरादून की भी बनी हुई है।