देहरादून: बदरीनाथ से पूर्व भाजपा विधायक और बीजेपी के वरिष्ठ नेता महेंद्र भट्ट को भाजपा ने अपने प्रदेश अध्यक्ष के रूप में 2024 का सारथी बनाया है। महेंद्र भट्ट की प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति के बाद आज उनका देहरादून महानगर कार्यालय से प्रदेश मुख्यालय तक भव्य स्वागत समारोह के रूप में रैली निकाली गई।
इस मौके पर देहरादून महानगर कार्यालय पर सीएम पुष्कर सिंह धामी समेत महानगर अध्यक्ष सीताराम भट्ट ने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का स्वागत किया। इस मौके पर देहरादून में सुनील उनियाल गामा, कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, विधायक खजान दास सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। देहरादून महानगर कार्यालय से एक विशाल रैली भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक निकाली गई।
वही मुख्यमंत्री धामी ने सोशल मीडिया पर फोटो साझा करते हुए लिखा आज भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय, देहरादून में आयोजित नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष Mahendra Bhatt जी के स्वागत कार्यक्रम में सम्मिलित होकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुझे पूर्ण विश्वास है कि महेंद्र भट्ट जी के नेतृत्व में संगठन को और अधिक मजबूती एवं कर्मठ कार्यकर्ताओं को उनके राजनीतिक अनुभव का लाभ मिलेगा।