देहरादून: वर्ष 2021 में पेपर लीक का मामला काफी गर्म रहा। अब वर्ष 2023 की शुरुआत में ही एक बार फिर उत्तराखंड में पेपर लीक का मामला सामने आया है। सबसे हैरान करनेवाली बात यह सामने आई है कि पेपर लीक करवाने वाला मास्टरमाइंड लोक सेवा आयोग का अधिकारी निकला। बताया जा रहा है कि उसने अपने 3 अन्य साथियों के साथ हाल में हुए पटवारी भर्ती का पेपर लीक किया था। प्रदेश के करीब सवा लाख युवाओं ने इस भर्ती में भाग लिया था। जिनमें से 35 कैंडिडेट्स अभी तक STF ने चिन्हित किया है। बताया जा रहा है कि अभी भी कई और लोग इस मामले में अरेस्ट हो सकते है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एस०टी०एफ० से वार्ता के दौरान उनके द्वारा अवगत कराया गया है कि आरोपी संजीव प्रकाश चतुर्वेदी, अनुभाग अधिकारी द्वारा अपनी अभिरक्षा में रखे गये लगभग 380 प्रश्नों को अवैध रूप से अन्य आरोपियों को उपलब्ध कराया गया है। प्रश्नगत परीक्षा के प्रश्न पत्र में 100 प्रश्न सम्मिलित थे, जिनमें से कुछ प्रश्न आरोपियों को उपलब्ध कराये गये प्रश्नों में सम्मिलित थे। इससे यह विदित होता है कि सम्पूर्ण प्रश्न-पत्र लीक नहीं हुआ है। प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए आयोग ने परीक्षा निरस्त कर दी गयी है अब उक्त परीक्षा पुनः दिनांक 12 फरवरी, 2023 को आयोजित की जायेगी। उक्त के अतिरिक्त अन्य समस्त परीक्षायें एवं साक्षात्कार आयोग द्वारा पूर्व में जारी परीक्षा कैलेण्डर के अनुसार आयोजित की जायेगी।