चमोली जिले में जंगलों में आग लगने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार से शुरू हुई वनाग्नि की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे पूरा क्षेत्र धुएं के गुबार से ढका हुआ है। हालात यह हैं कि लोगों को सांस लेने में दिक्कत और आंखों में जलन की शिकायतें हो रही हैं। आदिबदरी क्षेत्र के समीप जंगल दूसरे दिन भी धधकते रहे। वहीं बरतोली गांव के जंगल में भी आग भड़क उठी, जिसे बुझाने के लिए स्थानीय महिलाएं खुद मोर्चा संभाले नजर आईं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया गया तो यह आबादी तक पहुंच सकती है।