कमाल है! उत्‍तराखंड कांग्रेस कार्यालय में मिली पीएम मोदी और तीरथ सिंह रावत की फोटो, मचा हड़कंप

Share

देहरादून: उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में तब हड़कंप मच गया जब प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के भंडार कक्ष में शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ भाजपा नेता तीरथ सिंह रावत की फोटो मिली। यह जानकारी सामने आते ही पार्टी के जिम्मेदार नेता कुछ भी बोलने से बचते नजर आए। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में धुर विरोधियों की फोटो मिलने का मामला तूल पकड़ गया।

पार्टी के प्रदेश कार्यालय में हर दिन प्रदेश पदाधिकारियों से लेकर तमाम नेताओं का जमावड़ा लगा रहता है। कार्यालय में ही महानगर व जिला इकाइयों के साथ ही कई फ्रंटल संगठनों व प्रकोष्ठों के कक्ष भी हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, पार्टी कार्यालय व प्रदेश महामंत्री व उपाध्यक्षों के कक्ष राजीव भवन में आगे की ओर हैं, जबकि पिछले हिस्से में भंडार कक्ष है। इस कक्ष में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द, पूर्व राज्यपाल बेबी रानी मौर्य और पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के फोटो मिले हैं।

प्रधानमंत्री मोदी और तीरथ सिंह रावत की फोटो देखकर मौके पर मौजूद कांग्रेस नेताओं के हाथ-पांव भी फूल गए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दिल्ली दौरे से शनिवार यानी आज प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे। बताया जा रहा है कि यह मामला उनके समक्ष रखा जाएगा। इसे कार्यालय की व्यवस्था से जोड़कर देखा जा रहा है। इन फोटो की भनक प्रदेश पदाधिकारियों के साथ ही प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा को भी नहीं लग सकी।