पिथौरागढ़ के सामान्य परिवार का बेटा, कड़ी मेहनत के बूते बना भारतीय हॉकी का उप कप्तान

Spread the love

उत्तराखंड के होनहारों ने खेल की दुनिया में अपना नाम रोशन किया है। इसी कड़ी में अगला नाम आता है बॉबी धामी का..एक अच्छी खबर पिथौरागढ़ से है। पिथौरागढ़ के होनहार हॉकी प्लेयर बॉबी सिंह धामी को भारतीय जूनियर हॉकी टीम का वाइस कैप्टेन (Bobby Singh Dhami indian Hockey vice captain) बनाया गया है। बॉबी सिंह धामी पिथौरागढ़ के कत्यानी क्षेत्र के रहने वाले हैं। बॉबी ने बचपन से ही हॉकी को अपना जुनून बना लिया था। टनकपुर में अपने मामा और हॉकी कोच प्रकाश सिंह के साथ रहते हुए उन्होंने हॉकी की बारीकियां सीखीं। ये वास्तव में उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है कि सामान्य परिवार के बॉबी सिंह धामी ने अपनी मेहनत के दम पर पुरुष हॉकी टीम के उप कप्तान बने। आगे जानिए बॉबी सिंह धामी का करियर

बॉबी सिंह धामी जून 2022 में स्विट्जरलैंड में आयोजित हॉकी मैच में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इसके अलावा 2021 जूनियर वर्ल्ड कप में भी बॉबी ने भारतीय टीम की ओर से प्रतिभाग किया था। देहरादून के स्पोर्ट्स कॉलेज से बॉबी ने कक्षा छह से 11वीं तक की पढ़ाई की। इसके बाद हॉकी को अपना सब कुछ मानते हुए वो जून 2017 में बॉबी साई ट्रेनिंग सेंटर सोनीपत चले गए। हॉकी ट्रेनर वरुण बेलवाल द्वारा बॉबी को गहन प्रशिक्षण दिया गया। उनके भारतीय पुरुष हॉकी टीम का उप कप्तान बनने पर उत्तराखंड के सभी खिलाड़ियों में खुशी का माहौल है। घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा है। उनकी इस सफलता से दूसरे खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने का हौसला मिलेगा।