पुलिस कांस्टेबल की पत्नी की घर में दिनदहाड़े हत्या..हथौड़े से फोड़ा सर

Spread the love

Nainital crime news: नैनीताल जिले के हल्द्वानी में बेखौफ बदमाशों ने पुलिस को बड़ी चुनौती दे दी है। शहर में खाकी और उसका परिवार पर लगातार हमले हो रहे हैं। इसी क्रम में हल्द्वानी के मुखानी पुलिस थाने के करीब स्थित एक कॉलोनी में घर में घुसे बदमाशों ने दिनदहाड़े पुलिसकर्मी की पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। उसके सिर पर हथौड़े से वार किए गए। स्कूल से लौटे बच्चों ने रसोई में शव पड़ा देखा तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने पिता को फोन कर जानकारी दी। दिनदहाड़े हत्या से कॉलोनी में दहशत फैल गई। पुलिस ने तलाशी ली तो घर की अलमारी और लॉकर टूटा मिला। जेवर सलामत मिले हालांकि कुछ सामान के गायब होने की बात कही जा रही है।

घटना स्थल का निरीक्षण करने वाले नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पंकज भट्ट ने कहा कि यह संदेह है कि घर से कीमती कुछ भी चोरी नहीं होने के कारण सेंधमारी की मंशा हत्या थी। उन्होंने कहा कि पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं और कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस के अनुसार, ममता का शव रसोई में फ्रिज की आड़ से पड़ा था। उसके सिर के दायीं और बायीं ओर हथौड़े से वार किया गया था। पास में चप्पल और टूटी चूड़ियां पड़ी थीं। अंदाजा लगाया जा रहा है कि ममता ने अपने बचाव के लिए संघर्ष किया होगा। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सैंपल एकत्र किए। साथ ही डॉग स्कवॉयड ने घर और आसपास के क्षेत्र की जांच की। पुलिस ने हथौड़ा भी बरामद किया है।