रुद्रप्रयाग: पुलिस जवान और पीआरडी जवान के बीच मारपीट में पीआरडी जवान की मौत, सोनप्रयाग थाना पुलिस ने किया अरेस्ट

Share

रुद्रप्रयाग: बीते बुधवार दिनांक 08 जून 2022 की देर रात्रि को सोनप्रयाग में यात्रा सीजन ड्यूटी हेतु नियुक्त एक पुलिस जवान और दो पीआरडी जवानों के मध्य हुई आपसी मारपीट की घटना में तीनों पर चोटें आयी थीं। एक पुलिस कर्मी व एक पीआरडी जवान का स्थानीय चिकित्सालय में उपचार कराया गया था तथा एक पीआरडी जवान के सिर पर अन्दरूनी चोंटें आने से उनको जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा गया था तथा जहां से उनको हायर सेन्टर रैफर कर दिया गया था। ज्यादा चोट लगने के कारण बीती देर रात पीआरडी जवान ने दम तोड़ दिया।

पीआरडी जवान की मौत के बाद आरोपी पुलिसकर्मी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। डीआईजी गढ़वाल करण सिंह नगन्याल ने जानकारी देते हुए बताया कि आठ जून की रात को पुलिस कांस्टेबल दीपक चन्द्र सिंराई व पीआरडी जवान शूरवीर लाल टम्टा निवासी कांडी बाड़व अगस्त्यमुनि के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इस दौरान पुलिस कांस्टेबल ने पीआरडी जवान के सिर पर हेलमेट मार दिया, जिससे पीआरडी जवान के सिर पर गंभीर चोट लग गई। स्थानीय लोगों की मदद से पीआरडी जवान को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग फिर श्रीनगर और इसके बाद एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया। लेकिन बीती देर रात उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद से पीआरडी जवानों में आक्रोश बना हुआ है। बृहस्पतिवार को पीआरडी जवानों ने पुलिस कांस्टेबल के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कार्य बहिष्कार किया था और आज पीआरडी जवान की मौत की खबर सुनने के बाद वे कार्य पर नहीं गये। बताया जा रहा है कि पुलिस कांस्टेबल आये दिन शराब के नशे में मारपीट किया करता था। जिस कारण पीआरडी जवान खासे परेशान थे। जिस दिन घटना घटी, उस दिन भी पुलिस कांस्टेबल शराब के नशे में था और उसने दो अन्य पीआरडी जवानों के साथ भी मारपीट की थी। मृतक पीआरडी जवान के परिजनो की तहरीर के आधार पर आरोपी पुलिस कर्मी के विरुद्ध कोतवाली सोनप्रयाग पर मु0अ0सं0 15/2022 धारा 302 भा0द0वि0 अर्थात हत्या का अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। आरोपी पुलिस कर्मी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।