बैडमिंटन स्टार लक्ष्य सेन को राष्ट्रपति ने किया ‘अर्जुन पुरस्कार’ से सम्मानित, CM धामी ने दी बधाई

Spread the love

Lakshya Sen Arjuna Award: उत्तराखंड के खिलाड़ियों का जलवा क्या है, ये अब दुनिया को धीरे धीरे ही सही लेकिन पता चल रहा है। प्रतिभाएं आगे बढ़ रही हैं और उन्हें आसमान की बुंलदियों पर पहुंचने से कोई नहीं रोक सकता। वहीँ उत्तराखंड के लिए गौरवान्वित करने वाली खबर है। आपको बता दें की राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2022 प्रदान किया. खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 25 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार दिया गया। इसी लिस्ट में गोल्डन ब्वॉय लक्ष्य सेन का भी नाम शामिल था आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा स्टार शटलर लक्ष्य सेन को अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

लक्ष्य ने अपना यह अवार्ड कच्ची उम्र में बैडमिंटन हाथ में थमाने वाले दादा सीएल सेन को समर्पित किया है। छह वर्ष की उम्र में मैदान पर उतर बैडमिंटन पकड़ने वाले लक्ष्य सेन को उनके दादा सीएल सेन ने ही बैडमिंटन की एबीसीडी से रूबरू कराया था। इसके बाद पिता की शागिर्दिगी में पूरी दुनिया में लक्ष्य ने जो नाम कमाया, उसे बताने की जरूरत नहीं। यह लक्ष्य की कामयाबी ही है कि आज देश के अर्जुन बन गए हैं। लक्ष्य ने जिला, राज्य के बाद राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक अपने नाम किए। इसके बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पैठ जमाई। बुधवार को लक्ष्य को जब राष्ट्रपति द्राैपदी मुर्मू ने अर्जुन अवार्ड दिया तो लक्ष्य ने इसे बैडमिंटन हाथ में थमाने वाले दादा को समर्पित कर दिया।

वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने ट्वीटर हैंडल पर लक्ष्य सेन को अर्जुन अवॉर्ड मिलने पर बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने लिखा है कि ‘आज राष्ट्रपति भवन में उत्तराखंड के बेटे लक्ष्य सेन को ‘अर्जुन पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाना प्रत्येक उत्तराखंडवासी के लिए गौरव का क्षण है। आपकी यह अप्रतिम उपलब्धि प्रदेश के अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। आपके उज्जवल भविष्य हेतु अनंत शुभकामनाएं!’