ऋषिकेश में नरेंद्रनगर लोक निर्माण विभाग की ओर से लक्ष्मणझूला पुल के पास साल 2022 में बजरंग सेतु का निर्माण कार्य शुरू किया गया था। करीब 69.20 करोड़ की लागत से बनने वाला पुल 132.30 मीटर लंबा और पांच मीटर चौड़ा है। Rishikesh Glass Bridge Cracks पुल के दोनों साइड में करीब डेढ़-डेढ़ मीटर का 65 मिमी की मोटाई वाला पारदर्शी कांच का भी फुटपाथ बनाया गया है। पुल का अभी उद्घाटन तक नहीं हुआ है। विभाग की उदासीनता के कारण करीब दो महीने पहले पुल पर देशी, विदेशी पर्यटकों के अलावा स्थानीय लोगों की आवाजाही शुरू हो गई है। फुटपाथ पर लगे एक कांच में जगह-जगह दरारें आ गई हैं। कांच टूटने पर फुटपाथ वाले दोनों किनारों से आवाजाही रोक दी गई है। यह पहली घटना नहीं है, जब फुटपाथ का कांच टूटा है, इससे पहले भी दो बार फुटपाथ का कांच इसी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिसे निर्माणाधीन कंपनी ने बदलवा दिया था। लेकिन अब इसकी गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। लोक निर्माण विभाग के ईई प्रवीण कर्णवाल ने बताया कि असामाजिक तत्वों ने कांच के एक हिस्से को तोड़ा है। पुलिस को सूचना दी गई है। इसे ठीक कराया जा रहा है।