उत्तराखंड में पिछले कई दिनों से मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का असर बढ़ने लगा था। दोपहर के समय तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण लोगों को गर्मी का एहसास होने लगा था। कई लोगों ने तो यह मान लिया था कि अब ठंड पूरी तरह खत्म हो चुकी है। Uttarakhand Rain And Snowfall गर्मी का मौसम शुरू हो गया है। इसी कारण लोगों ने अपने सर्दियों के कपड़े समेटकर अलमारियों में रख दिए थे। रविवार सुबह हुई तेज बारिश ने मौसम का पूरा मिजाज बदल दिया। उत्तराखंड के कई हिस्सों में रविवार को हुई बारिश से तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिला। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान में अधिक गिरावट दर्ज की गई। इससे फिर ठंड लौट आई। रविवार को हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी सहित अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। वहीं केदारनाथ धाम में भी अच्छी बर्फबारी हुई, यहां तापमान शून्य से नीचे आ गया, जबकि शाम को गंगोत्री व यमुनोत्री में भी बर्फ गिरी। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सी.एस. तोमर के अनुसार सोमवार को कई जिलों में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवाओं की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसे देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।