Dehradun News: रक्षाबंधन से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महिला समूहों को एक तोहफा दिया है। दरअसल, सरकार महिलाओं के लिए मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना लेकर आ रही है। इसके जरिए प्रदेश में कार्यरत तमाम महिला समूह जो भी उत्पाद बनाएंगे उनको व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जाएगा। गौर हो कि, उत्तराखंड में वर्तमान में कई महिला समूह कार्यरत हैं, जो कई प्रकार के उत्पादों का निर्माण करते हैं, लेकिन इनके प्रोडक्ट्स को सही बाजार न मिल पाना इन महिला समूहों के सामने सबसे बड़ी समस्या होता है। इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री धामी की ओर से ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना’ शुरू की गई है। ताकि महिला समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों को योजना के अंतर्गत व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जा सके।
इस योजना के माध्यम से प्रदेश में कार्यरत तमाम महिला समूहों की ओर से निर्मित उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक विकास खंड में महिला समूहों द्वारा निर्मित स्थानीय उत्पादों की किसी सार्वजनिक स्थान पर प्रदर्शनी लगवाकर महिला समूहों को विपणन के लिए समुचित अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे। महिला समूहों द्वारा उत्पादित सामग्री को ब्लॉक स्तर पर बाजार मिलने से जहां उनको अपने उत्पादों की बिक्री के लिए एक मंच मिल सकेगा, वहीं दूसरी ओर उत्पादों को एक नई पहचान भी मिलेगी।