Budget 2023: रविशंकर प्रसाद बोले- बजट में उत्तराखंड का रखा गया विशेष ख्याल, ग्रीन एनर्जी मिशन से मिलेगा लाभ

Spread the love

देहरादून: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में आम बजट 2023 पेश की थी। जिसकी खूबियां गिनाने के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद देहरादून स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने आम बजट 2023 की खूबियों को मीडिया के सामने रखा और इस बजट से देश का कितना विकास होगा, यह समझाने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने कहा यह अब तक का सबसे बेहतरीन बजट है। पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने केंद्रीय बजट की खूबियां बताते हुए कहा कि ग्रीन एनर्जी मिशन के लिए बजट में 35 हजार करोड़ की व्यवस्था की गई है। बजट आवंटन में उत्तराखंड को इसका ज्यादा लाभ मिलेगा। राज्य में हरित क्षेत्र अधिक होने के साथ ही पर्यावरण प्रहरी भी हैं।

रविशंकर ने इस बजट को अभी तक का सबसे बेहतरीन बजट बताया। उन्होंने कहा केंद्र सरकार का उद्देश्य है कि बजट को जन-जन तक पहुंचाना है। जिसके लिए बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व ने सभी प्रदेशों में वरिष्ठ नेताओं की जिम्मेदारी सौंपी है। बजट की जानकारी को मूल रूप से गरीबों तक पहुंचाने का लक्ष्य है। साथ ही बजट देश को विकसित राष्ट्र बनाने का रोडमैप है। पहली बार अवस्थापना विकास के लिए 10 लाख करोड़ का प्रावधान किया गया है। इससे उत्तराखंड में भी सड़कों, बुनियादी ढांचे के लिए एक हजार करोड़ से अधिक का बजट मिलेगा। देश के 150 मेडिकल कॉलेजों में नर्सिंग कॉलेज खोले जाएंगे, इसके तहत उत्तराखंड में भी चार नर्सिंग कॉलेज स्थापित होंगे। कहा कि देश के 80 करोड़ लोगों के लिए मुफ्त खाद्यान्न की व्यवस्था की गई है।