आखिरकार काफी वक्त बाद उत्तराखंड परिवहन निगम की झोली भर गई। 1 ही दिन में परिवहन निगम ने रिकॉर्डतोड़ कमाई कर दी। आपको बता दें कि पिछले कई महीने से उत्तराखंड परिवहन निगम गंभीर आर्थिक संकटों का सामना कर रहा था। परिवहन निगम प्रबंधन ने दिवाली के मौके पर थोड़ी राहत की सांस ली है। परिवहन निगम अफसरों की मानें तो दिवाली से दो दिन पहले यानी शनिवार को परिवहन निगम की बसों में हजारों की संख्या में यात्रियों ने सफर किया। निगम को 1 दिन में ही यात्री किराए के तौर पर रिकार्ड 2.62 करोड़ रुपये की आमदनी हुई। बताया जा रहा है कि देहरादून मंडल में सबसे ज्यादा कमाई हुई है। ये आमदनी 1.50 करोड़ रुपये की हुई है।
देहरादून मंडल के परिवहन निगम के मंडलीय प्रबंधक संजय गुप्ता ने बताया कि देहरादून आईएसबीटी, पर्वतीय डिपो, रुड़की, हरिद्वार, ऋषिकेश और कोटद्वार जैसे डिपो में शनिवार को बड़ी संख्या में यात्रियों ने सफर किया। 1 दिन में ही रिकॉर्ड 1.50 करोड़ रुपये की आमदनी राहत देने वाली बात है। उनके मुताबिक, दिवाली के बाद एक बार फिर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिलेगी। इसके लिए पहले से ही तैयारियां पूरी कर ली गई है। आपको बता दें कि शनिवार को अचानक आईएसबीटी में यात्रियों की संख्या बढ़ गई, जिसके चलते 11 अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करनी पड़ी। रविवार को कम यात्रियों ने सफर किया। ऐसे में परिवहन निगम प्रबंधन को अतिरिक्त बसों के संचालन की व्यवस्था नहीं करनी पड़ी।