उत्तराखंड: शव यात्रा में गए सागर की नदी में डूबने से मौत, जन्मदिन बना आखिरी दिन..परिवार में मचा कोहराम

शव यात्रा में गया सागर बिष्ट नदी में नहाने समय डूब गया। इस दौरान युवक की मौत हो गई। युवक का सोमवार को ही जन्मदिन भी था। इस घटना के बाद परिवार में मातम छाया हुआ है।

Share

जन्म दिन पर खुशियां मनाई जाती हैं, दीर्घायु की कामना की जाती है, फलने-फूलने और तरक्की का आर्शीवाद दिया जाता है लेकिन इसे बदनसीबी ही कहा जाएगा कि जन्मदिन आखिरी दिन बन गया। youth died drowning पिथौरागढ़ में शव यात्रा में शामिल होने गए गुरना तोली निवासी एक युवक की सरयू नदी में डूबने से मौत हो गई। युवक का सोमवार को ही जन्मदिन भी था। इस घटना के बाद परिवार में मातम छाया हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार, गुरना के तोली गांव में बीती रात एक वृद्धा की मौत के बाद ग्रामीण शव यात्रा में रामेश्वर घाट में अंत्येष्टि के लिए गए थे। इस दौरान सागर सिंह बिष्ट (20) पुत्र महेंद्र सिंह बिष्ट घाट पहुंचने के बाद वह दोस्तों के साथ सरयू नदी में पैदल पुल के नीचे नहाने चला गया।

बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर युवक नहा रहा था उस स्थान पर पूर्व में मशीन से खोदकर गहरा गड्ढा बनाया गया था। सागर तीन बार नदी में इस पार से उस पार तक तैरा लेकिन चौथी बार में वह अचानक डूब गया। उसके दोस्तों के शोर मचाने पर कई लोग वहां पहुंचे और नदी में उतरकर उसे ढूंढने का प्रयास किया। करीब 25 मिनट बाद उसका शव उसी गहराई वाले स्थान पर डूबा नजर आया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जन्मदिन के दिन युवक की मौत से माता-पिता सहित अन्य परिजन गहरे सदमे में हैं। सागर सिंह बिष्ट घर का इकलौता चिराग था। उसकी दो बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है। सागर के माता-पिता खेतीबाड़ी कर गुजर बसर करते थे। सागर बीए प्रथम वर्ष का छात्र था और सेना में भर्ती की तैयारी कर रहा था।