हरकी पैड़ी से शुरू हुआ उत्‍तराखंड कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा चरण, माहरा ने कहा-कांग्रेस खोलेगी भाजपा की पोल

Share

Congress Bharat Jodo Yatra: हरिद्वारः एक तरफ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी देश में भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं। दूसरी तरफ उत्तराखंड में कांग्रेसियों ने बदरीनाथ धाम से भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की है। सोमवार को हरिद्वार से भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा चरण शुरू हुआ। हरिद्वार में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने हरकी पैड़ी पर गंगा पूजन कर यात्रा के दूसरे चरण की शुरूआत की है।

यात्रा के शुरुआत के मौके पर हरकी पैड़ी पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसियों ने गंगा पूजन करके इस यात्रा की शुरुआत की है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने बताया कि यात्रा सभी विधानसभाओं में जाकर लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की नाकामियों और उनके जन विरोधी कार्य से परिचित कराएगी। आरोप लगाया कि महंगाई, भ्रष्टाचार और अपराधों ने देश के आम आदमी की कमर तोड़ दी है। ऐसे में कांग्रेस अब चुप बैठने वाली नहीं और भाजपा को अब जवाब देना ही होगा।

प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में प्रदेश में कई मुद्दों और समस्याओं को लेकर सरकार पर हमला बोला जाएगा। यात्रा में भाजपा की गलत नीतियों से लोगों को अवगत कराया जाएगा। कहा कि महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महिलाओं का उत्पीड़न, कानून व्यवस्था में गिरावट, आंतरिक सड़कों समेत अधिकांश सड़कों का बदहाल होना जैसे मोर्चा पर प्रदेश सरकार विफल है।