उत्तराखंड में बर्फबारी और कई जिलों में बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग का अनुमान निकला सही

Spread the love

उत्तराखंड राज्य में मौसम बिगड़ने का सिलसिला आज भी जारी रहेगा। मौसम के इस बदले मिजाज का सीधा असर रबी फसलों के साथ-साथ बागवानी पर भी पड़ने लगा है। पहाड़ी इलाकों में हिमपात और दून घाटी में तापमान में आई गिरावट ने स्थिति को और संवेदनशील बना दिया है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आज प्रदेश में पहाड़ी जिलों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक मौसम का सबसे खतरनाक रूप रहने वाला है। अप्रैल के शुरुआती दिनों में मौसम के मिजाज को देखकर यही लग रहा था की अब प्रदेश में खराब मौसम धीरे-धीरे सामान्य हो जाएगा, लेकिन सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ आज अपना सबसे उग्र रूप दिखाएगा। पहाड़ों की ऊंची चोटियों पर पड़ रही सफेद आफत का दायरा भी आज बदल जाएगा। गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ में भी बर्फबारी हो रही है। बारिश और बर्फबारी के कारण ठंड बढ़ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार आज आठ अप्रैल को देहरादून समेत टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ हिस्सों में बिजली चमकने के साथ ओलावृष्टि और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी बिजली और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया गया है।