तो उत्तराखंड में छुपा है श्रीकांत त्यागी? विपक्ष ने की तीखी टिप्पणी, माहरा बोले- सैंया भए कोतवाल तो…

Share

देहरादून: नोएडा की पॉश सोसाइटी में एक महिला के साथ दुर्व्यवहार करने वाले श्रीकांत त्यागी को पकड़ने के लिए पुलिस द्वारा बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाई हुई है, लेकिन कुछ मीडिया रिपोर्टों का दावा किया त्यागी की लोकेशन उत्तराखंड के ऋषिकेश या हरिद्वार में मिली है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि उत्तराखंड में त्यागी के लोकेशन की कोई जानकारी नहीं है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने भी तीखी टिप्पणी की है।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने कहा कि जिस तरह से श्रीकांत त्यागी ने महिला के साथ अभद्रता की है, वह भाजपा के चाल चरित्र को दर्शाता है। भारतीय जनता पार्टी के लोग जो कहते हैं उसका उल्टा होता है। उन्होंने यहां तक कह डाला कि अगर भाजपा यह कहती है कि बेटी बचाओ तो यह समझो कि बेटियां खतरे में हैं। उत्तराखंड में श्रीकांत की लोकेशन ट्रेस होने के बाद करण माहरा ने कहा कि श्रीकांत त्यागी यहां पर इसलिए आया है, क्योंकि यहां भाजपा की सरकार है। माहरा ने कहा कि सैंया भए कोतवाल तो डर काहे का। उन्होंने कहा कि पुलिस सिर्फ खानापूर्ति करने के लिए ही यहां पर आ रही है। पुलिस आरोपी श्रीकांत को गिरफ्तार नहीं करेगी।

उत्तराखंड डीजीपी अशोक कुमार का कहना है कि यूपी पुलिस द्वारा त्यागी के बारे में कोई बात नहीं है। अगर संपर्क किया जाता है तो उत्तराखंड पुलिस श्रीकांत त्यागी को पकड़ने के लिए पूरी मदद करेगी। देहरादून एसएसपी दिलीप सिंह कुंवर ने कहा कि उन्हें नोएडा के पुलिस कमिश्नर का फोन आया था, लेकिन ऋषिकेश में त्यागी के स्थान के बारे में कोई विशेष जानकारी उनके साथ साझा नहीं की गई थी। अगर कोई जानकारी हमारे साथ साझा की जाती है, तो हम कार्रवाई करेंगे।

आपको बता दें कि पिछले हफ्ते नोएडा सेक्टर 93 के ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में एक महिला के साथ अभद्रता और गाली देने का वीडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हुआ था। घटना के बाद से ही त्यागी फरार चल रहा है। नोएडा पुलिस त्यागी के कई संभवित ठिकानों पर छापे मार रही है, लेकिन अभी तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी। पुलिस ने त्यागी पर 25 हजार रुपये इनाम की घोषणा भी की है। श्रीकांत त्यागी का भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारी सदस्य और युवा समिति के राष्ट्रीय समन्वयक से जुड़े होने की बात सामने आ रही है।