Kedarnath Yatra: श्रद्धालुओं के लिए लोकल लैंग्वेज जानने वाले जवानों की होगी तैनाती, ये है प्लान

Share

Chardham Yatra Update: चारधाम यात्रा का आगाज 22 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही हो जाएगा। जिसके लिए शासन-प्रशासन मुस्तैदी से कार्य कर रहा है। पिछले साल करीब 50 लाख लोगों ने दर्शन किए थे, इस बार अब तक 2 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। प्रशासन द्वारा उम्मीद लगाई जा रही है कि इस बार यात्रियों की संख्या पिछले वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ेगी। एसपी डाॅ विशाखा भदाणे ने कहा कि केदारनाथ यात्रा में देश-विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन उन्हें सुविधाएं नहीं मिलने से परेशानियों का सामना करना पड़ता है। केदारनाथ यात्रा में पुलिस प्रशासन यात्रियों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं देने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा यात्रा के दौरान लोकल लैंग्वेज की बड़ी समस्या होती है. बाहरी राज्यों से आये कतिपय यात्री ऐसे होते हैं, जो अपनी भाषा में ही समझ पाते हैं। उन्हें यहां तक हिंदी भाषा का भी ज्ञान नहीं होता है।

ऐसे में पुलिस प्रशासन की ओर से यात्रियों के लिए ऐसे जवानों की तैनाती की जाएगी, जो विभिन्न राज्यों की भाषाओं का ज्ञान रखते होंगे। इसके अलावा उन जवानों का चयन किया जायेगा, जिनकी व्यवहारिकता ही उनकी पहचान है। ऐसे जवानों को केदारनाथ यात्रा में तैनात किया जायेगा, जिससे वे तीर्थयात्रियों को व्यवहार कुशलता से समझा सकें और उनकी हर संभव मदद कर सकें। पुलिस अधीक्षक ने कहा केदारनाथ यात्रा को लेकर पुलिस ने प्लान भी तैयार किये जा रहे हैं। गुप्तकाशी से सोनप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे की जमीनों पर पार्किंग बनाई जाएगी। इससे स्थानीय लोगों को भी रोजगार मिलेगा। साथ ही इस बार भी जिला पंचायत सड़क किनारे वाहनों से कोई शुल्क नहीं लेगा। पुलिस प्रशासन सड़क किनारे वाहन खड़े करने पर प्रतिबंध लगाएगा।