तीन तलाक पर सख्ती बुग्गावाला में केस दर्ज, UCC के तहत बढ़ेंगी धाराएं| Uttarakhand News

Spread the love

हरिद्वार के थाना बुग्गावाला क्षेत्र के बंदरजूड में एक महिला के साथ प्रताड़ना और तीन तलाक का मामला सामने आया है, जिस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार करीब ढाई साल पहले शाहीन की शादी मुस्लिम रीति-रिवाज से मोहम्मद दानिश के साथ हुई थी, लेकिन शादी के बाद से ही महिला को ससुराल पक्ष और पति द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि हाल ही में पति ने कथित रूप से तीन बार तलाक कहकर महिला को घर से अलग कर दिया, जिसके बाद पीड़िता ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया।

मामले पर एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि शिकायत मिलते ही बुग्गावाला थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने बताया कि जांच के आधार पर इस केस में समान नागरिक संहिता (UCC) के तहत भी धाराएं बढ़ाई जाएंगी। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाती है, साथ ही पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।