उत्तराखंड में लगातार बारिश से गिरा तापमान, मौसम विभाग ने जारी किया आज इन जिलों में अलर्ट

Share

उत्तराखंड में बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा रखी है। मानसून के आने में अभी काफी वक्त बचा है। लेकिन इसके बावजूद ऐसा लग रहा है कि मानो मानसून भारत ही नहीं बल्कि उत्तराखंड में भी दस्तक दे चुका हो। Uttarakhand Pre Monsoon Rain राज्य के तमाम जिलों में लगातार हो रही बारिश मई में गर्मी के अनुभव को नहीं होने दे रही। पर्वतीय इलाकों के साथ मैदानी इलाकों में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं, बीते बुधवार को हुई बारिश का असर बृहस्पतिवार के तापमान पर भी देखने को मिला। दून का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री नीचे 33.7 डिग्री रहा। जबकि रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कमी के साथ 18.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. बिक्रम सिंह ने जानकारी दी कि आज (शुक्रवार) उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली जनपदों के कुछ स्थानों में गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है, जबकि राज्य के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। आज से पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। देहरादून सहित आसपास के क्षेत्रों में धूप खिलने से लेकर आंशिक बादल जाने के आसार हैं। चार धाम में भी आंशिक बादल मंडराने के साथ हल्की बूंदाबांदी की आशंका है। अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम साफ रहने के साथ ही तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है।