Video: यमुनोत्री के स्यानचट्टी के पास पुल डूबा, रास्ता थमा!

Share

उत्तरकाशी के स्यानाचट्टी में अचानक यमुना नदी का प्रवाह रुक जाने की वजह से एक झील बन गई है, जिसकी वजह से यमुना का पानी न केवल आबादी वाले क्षेत्र में घुस गया, बल्कि वहां मौजूद पुल भी पूरी तरह से डूबने लगा है। Uttarkashi Yamuna River Lake हालत खराब होते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने पूरे इलाके को खाली कर दिया है। स्यानाचट्टी में यमुना नदी में बनी झील का जलस्तर बढ़ने के बाद वहां पर मौजूद करीब 300 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। दूसरी ओर उसके नीचे कुथनौर सहित खरादी में मौजूद लोग भी अपने गांवों की ओर चले गए हैं। स्यानाचट्टी के दाईं ओर बहने वाले कुपड़ा खड्ड में तेज धूप में भी लगातार मलबा और पत्थर बहकर आ रहे हैं। सिंचाई विभाग की तीन पोकलेन मशीनें लंबे समय से यमुना नदी के बहाव को ठीक करने का काम कर रही हैं, लेकिन बार-बार मलबा आने से काम में बाधा आ रही है।

उत्तरकाशी के धराली में आई आपदा के 15 दिन के बाद अब यमुना घाटी के स्यानाचट्टी में अचानक झील बनने से धीरे-धीरे पानी आबादी वाले क्षेत्र में घुस गया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को खाली कर दिया है। राहत और बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ की टीम तो मौके पर पहुंची है। उत्तरकाशी पुलिस के अनुसार गढगाड गदेरे से मलबा आने के कारण यमुना नदी का प्रवाह बाधित होने से स्यानाचट्टी में एक अस्थाई झील बन गयी है, निकासी बाधित होने से जलभराव लगातार बढता जा रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस द्वारा आस-पास के घर, मकान व होटल खाली करवा दिये गये हैं। उक्त स्थान पर अत्यधिक जलभराव से निचले इलाकों के सभी जनमानस को सचेत रहने की आवश्यकता है। पुलिस ने अपील जारी कर कहा है कि यमुना नदी के आस-पास न जाएं, सुरक्षित स्थानों पर रहें। पुलिस सहायता हेतु 112 डायल करें।