Chardham Yatra: कल खुलेंगे बदरी विशाल के कपाट, तीन धामों में अभीतक 95,617 भक्तों ने किए दर्शन

Spread the love

Chardham Yatra 2023: विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इसके तहत बुधवार को योगबदरी मंदिर पांडुकेश्वर से कुबेर जी, उद्धव जी की उत्सव डोली, गाडू घड़ा तेल कलश यात्रा, आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी और बदरीनाथ के रावल बदरीनाथ धाम पहुंचे। यहां यात्रा का हक-हकूकधारियों और बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के कर्मचारियों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। अब बृहस्पतिवार को प्रात: 7:10 बजे विधि विधान के साथ बदरीनाथ धाम के कपाट खोल दिए जाएंगे। इसके लिए बदरीनाथ धाम को 25 कुंतल फूलों से सजाया गया है।

अभी तक 95,617 यात्री तीन धाम यमुनोत्री, गंगोत्री और केदारनाथ धाम के दर्शन कर चुके हैं। गौर हो कि यमुनोत्री और गंगोत्री के धाम के कपाट 22 अप्रैल को खुल चुके हैं। अभी तक दोनों धामों में 63,790 श्रद्धालु मत्था टेक चुके हैं। यमुनोत्री में आज 7,164 यात्रियों ने मां यमुना के दर्शन किए। अभी तक 31,647 यात्री यमुनोत्री धाम पहुंच चुके हैं। गंगोत्री धाम में आज 8013 यात्रियों ने गंगा मां के दर्शन किए। जबकि, अभी तक गंगोत्री धाम में 32,143 श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। केदारनाथ धाम के कपाट 25 अप्रैल को खोले गए थे। आज 13,492 यात्रियों ने बाबा केदार के दर्शन किए। जिसमें 8612 पुरुष, 4697 महिलाएं और 182 बच्चे शामिल रहे। इसके अलावा एक विदेशी नागरिक भी बाबा के द्वार पहुंचा। अभी तक 31,827 यात्री बाबा के दर्शन कर चुके हैं।