बदरीनाथ-केदारनाथ धाम में विशेष पूजा का शुल्क बढ़ा, ये रहेंगी नई दरें

Spread the love

उत्तराखंड चारधाम यात्रा 2026 की 19 अप्रैल से शुरुआत होने जा रही है। इस दिन गंगोत्री और यमुनोत्री धामों के कपाट खुलेंगे। चारधाम यात्रा के दृष्टिगत श्रद्धालुओं के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया भी 6 मार्च से शुरू हो गई है। शासन प्रशासन की ओर से व्यवस्थाओं को पूरा कराया जा रहा है, ताकि चारधाम की यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। चारधाम के कपाट खुलने के बाद बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में विशेष पूजा की प्रक्रिया भी शुरू हो जाती है। इसके लिए श्रद्धालुओं को बाकायदा एक शुल्क जमा करना होता है। बदरीनाथ धाम में श्रीमद भागवत कथा कराने के शुल्क में दोगुनी वृद्धि की गई। इसे 51 हजार से बढ़ाकर एक लाख रुपये किया गया है। जबकि केदारनाथ धाम में दिन भर की पूजा के लिए 51 हजार रुपये शुल्क देना पड़ेगा। जो पहले 28,600 रुपये था।

बता दें कि पिछले दो सालों से धामों में होने वाली विशेष पूजा शुल्क में कोई बढ़ोत्तरी नहीं की गई थी। बदरीनाथ धाम और केदारनाथ धाम में महाभिषेक और आरती समेत तमाम पूजाएं कराई जाती हैं। इन पूजाओं की बुकिंग बीकेटीसी की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर होती है, जहां पर शुल्क जमाकर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। हर विशेष पूजा के लिए अलग-अलग शुल्क निर्धारित है। बदरीनाथ व केदारनाथ धाम में सुबह-शाम कई तरह की आरती होती है। इसके अलावा महाभिषेक, अभिषेक के साथ भोग व अन्य पूजाएं होती है। बीकेटीसी की विशेष पूजा के लिए बदरीनाथ धाम में 37 व केदारनाथ धाम में 46 तरह की पूजाएं शामिल हैं। इन पूजाओं के लिए शुल्क लिया जाता है। हालांकि, बदरीनाथ धाम और केदारनाथ धाम में सामान्य दर्शन के लिए श्रद्धालुओं से किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता है।