हैवानियत! रेप पीड़िता पर सिरफिरे ने फेंका तेजाब, बुरी तरह झुलसी युवती

Spread the love

Haridwar Acid Attack: उत्तराखंड में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। हरिद्वार जिले के रुड़की में रेप पीड़िता पर सिरफिरे युवक ने तेजाब फेंक दिया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। वहीं, पीड़िता को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की एक टीम उसके इलाज में जुटी है। वहीं, आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद से फरार हो गया है। आरोपी ने रुड़की के मंगलौर नगर में देर शाम घटना को अंजाम दिया पुलिस ने बताया कि युवती ने करीब दो सप्ताह पहले पुलिस में एक शिकायत दर्ज कराई थी। युवती ने मोहल्ले के एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। युवती की शिकायत के आधार पर पुलिस ने युवक के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी थी।

इसी बीच, आरोपी युवक अदालत पहुंच गया और स्वयं को निर्दोष बताते हुए उसने अग्रिम जमानत प्राप्त कर ली थी। जानकारी के मुताबिक, देर शाम पीड़िता डॉक्टर से दवाई लेकर घर आ रही थी। इसी बीच आरोपी युवक ने उस पर तेजाब फेंक दिया। हमले में युवती बुरी तरह झुलस गई। वह चीखने-चिल्लाने लगी। युवती की शोर सुन लोग भागे-भागे आए। लोगों ने देखा कि युवती जमीन पर गिरकर छटपटा रही है। मंगलौर थाने के प्रभारी पुलिस निरीक्षक मनोज कुमार मैनवाल ने बताया कि सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। उन्होंने बताया कि अभी तक पीड़ित युवती अथवा उसके परिवार की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गयी है। हालांकि, उन्होंने कहा कि आरोपी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।