Dehradun: उत्तराखंड दौरे पर पहली बार आगमन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का सीएम पुष्कर सिंह धामी ने खास अंदाज में स्वागत किया। सीएम ने राष्ट्रपति को खास उपहार भेंट कर इस पल को खास बना दिया। सीएम ने राष्ट्रपति का लोक कला शैली थापे से बनी शुद्ध कंडाली की शॉल पहनाकर स्वागत किया और थापे और ऐपण के संयोजन से निर्मित स्मृति चिन्ह भेंट के रूप में भेंट की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के उत्तराखंड दौरे पर मेहमान नवाजी में कोई कमी नहीं रखी गई। उन्हें राजभवन में पहाड़ी व्यंजन परोसे गए। जिनका उन्होंने खूब आनंद लिया। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार राजभवन की शाही रसोई में राष्ट्रपति के लिए उत्तराखंड के शाकाहारी व्यंजन बनाए गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति के भोज में मंडुए की कचौड़ी, पहाड़ी आलू के गुटके, दाल की पकौड़ी, पहाड़ी तुअर की दाल,लाल भात, तवा परांठा और फुलका, आलू मूली की थिच्वाड़ी, झंगोरे की खीर के साथ मिठाई सिंगोरी परोसी गई।
इस दौरान राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु ने कहा कि देव-भूमि, तपोभूमि और वीर-भूमि उत्तराखंड में आना, मैं अपना सौभाग्य मानती हूं। हिमालय को महाकवि कालिदास ने ‘देवात्मा’ कहा है। राष्ट्रपति के रूप में, हिमालय के आंगन, उत्तराखंड में, आप सब के अतिथि-सत्कार का उपहार प्राप्त करके, मैं स्वयं को कृतार्थ मानती हूं। राष्ट्रपति ने अभिनंदन-समारोह के उत्साह-पूर्ण आयोजन के लिए राज्यपाल, मुख्यमंत्री और उत्तराखंडवासियों को धन्यवाद दिया।