Uttarakhand Recruitment Case: विधानसभा सचिवालय में हुई नियुक्तियों में अनियमितता को लेकर प्रदेश सरकार के बाद अब वर्तमान विधानसभा ने भी सख्त रुख अपनाने के संकेत दिए हैं। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने भर्तियों के संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पत्र मिलने की पुष्टि की। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने भर्तियों के संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पत्र मिलने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि इस मामले में विधिक राय ली जा रही है। इसके बाद ही वह कोई निर्णय लेंगी। इस बीच प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी कहा कि यदि गड़बड़ी हुई है तो दूध का दूध पानी का पानी हो जाना चाहिए।
विधानसभा की विवादित नियुक्तियों की जांच के मामले में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर तंज किया कि वह अपनी राजनीतिक छिछल्लेदारी से बचने के लिए आंदोलन का ढोंग कर रही है। उसे डर सता रहा है कि जांच में पूर्व स्पीकर कुंजवाल के कार्यकाल में भर्ती हुए चहेते बाहर हो जाएंगे। भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने कहा कि यह पहली बार है, जब भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी की शिकायत आने पर गहनता से जांच के साथ ही ठोस कार्रवाई भी हो रही है। कोठारी ने एक वक्तव्य में कहा कि पूर्व में भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता की बात आने पर जांच के नाम पर केवल लीपापोती होती थी। मुख्यमंत्री धामी ने गड़बड़ी की शिकायत मिलते ही दृढ़ता दिखाते हुए कठोर कार्रवाई की है।
मुख्यमंत्री की चिट्ठी के बाद अब सबको विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण का इंतजार है। उन्होंने कहा कि वह प्रकरण को समझ रही हैं। इस सिलसिले में विधिक राय ली जा रही है। सोमवार तक वह देहरादून पहुंचेंगी और फिर इस संबंध में कोई निर्णय लेंगी। माना जा रहा है कि ऋतु मीडिया से मुखातिब होंगी और विवादित नियुक्तियों और इन नियुक्तियों पर मुख्यमंत्री के पत्र पर अपना रुख साफ करेंगी। विधानसभा अध्यक्ष ऋतू भूषण खंडूरी देहरादून पहुंच चुकी है। आज सवा 3 बजे करेंगी पत्रकार वार्ता। आज कर सकती हैं विधानसभा भर्तियों को लेकर जाँच कमेटी की घोषणा।