उत्तराखंड में सावन का तीसरा सोमवार: हर हर महादेव के जयकारों से गूंजे मंदिर, CM धामी ने पत्नी संग की पूजा-अर्चना

Share

उत्तराखंड में सावन के तीसरे सोमवार पर शिव मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। रात से ही जलाभिषेक का क्रम शुरू हुआ जो देर तक जारी रहा। भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं और हर हर महादेव के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। Third Monday Of Sawan चारों ओर बोल बम और हर हर महादेव के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय हो गया। मंदिरों में व्यवस्था बनाए रखने के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रावण माह के तीसरे सोमवार को देवाधिदेव महादेव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

वैसे तो सावन का हर दिन पावन माना जाता है, लेकिन इस पूरे माह पड़ने वाले हर सोमवार का विशेष महत्व होता है। सोमवार को शिव की भक्ति का सबसे अच्छा दिन भी माना जाता है। मान्यता है कि शिव को सोमवार का दिन सबसे ज्यादा प्रिय होता है। इसलिए इस दिन शिव की भक्ति और उनका जलाभिषेक करने पर शिव की कृपा अपार मिलती है। हरिद्वार के दक्षेश्वर महादेव मंदिर समेत अन्य शिवालयों में भी भोले के भक्त भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए उमड़े हुए हैं। भोलेशंकर का जलाभिषेक कर रहे हैं। भगवान शिव की ससुराल कनखल के दक्षेश्वर महादेव मंदिर में तो सुबह से ही श्रद्धालुओं की कतार लगी हुई हैं।