उत्तराखंड में मौसम का मिजाज तल्ख है। पर्वतीय अंचलों से लेकर मैदानी क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहीं मौसम विभाग ने आज फिर कई जिलों में बारिश और बर्फबारी होने का अंदेशा जताया है। जिससे ठंड में इजाफा होना लाजिमी है। Uttarakhand Weather Forecast मैदानी क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय कोहरा तो पहाड़ी क्षेत्रों में पाला हादसों को दावत दे रहा है। लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। मौसम विज्ञान विभाग देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के पहाड़ी जनपदों उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में मौसम का मिजाज खराब रहने वाला है। विभाग ने इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. वही समुद्र तल से 2800 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी की संभावना बताई गई है। चार धाम केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और उच्च हिमालयी क्षेत्र एक बार फिर बर्फ की चादर ओढ़ लेंगे। मौसम विभाग ने राज्य के दो प्रमुख जनपदों देहरादून और नैनीताल को विशेष श्रेणी में रखा है। पूर्वानुमान के मुताबिक, इन जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा हो सकती है। यहां 2800 मीटर वाला नियम लागू होगा यानी देहरादून जिले में स्थित चकराता की ऊंची चोटियों और नैनीताल में मुक्तेश्वर के ऊपरी हिस्सों में हल्की बर्फबारी या बारिश देखने को मिल सकती है। राज्य में एक बार फिर मौसम बदलने से पर्वतीय क्षेत्रों में ठंडक बढ़ेगी। तापमान में आंशिक गिरावट आ सकती है।