Uttarakhand Weather Update: फरवरी में ही मौसम के तेवर तल्ख, 31 डिग्री तक पहुंचने के आसार

Spread the love

Dehradun: उत्तराखंड में फरवरी माह में पारा तेजी से बढ़ रहा है। अगले कुछ दिनों में मैदानी जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच से सात डिग्री, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में आठ से 10 डिग्री अधिक रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार मैदानी जिलों में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। जबकि, पर्वतीय जिलों में तापमान 29 डिग्री के आसपास रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस दौरान तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि और हो सकती है।

हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा भी हो सकती है। प्रदेश में कई दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है। जिसके चलते तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। फरवरी माह में 2021 में उच्चतम तापमान 31.8 डिग्री तक पहुंचा था। इस बार भी तापमान 31 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी सप्ताह में मौसम शुष्क रहेगा। पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान आठ से दस डिग्री सेल्सियस बढ़ने के कारण अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ पिघलेगी। इससे उत्तराखंड की नदियों के जलस्तर में वृद्धि होगी। मौसम वैज्ञानिकों ने हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। साथ ही फसलों को दुष्प्रभाव से बचाने के लिए सिंचाई करने की सलाह दी गई है।