उत्तराखंड: शादी समारोह से लौट रहा युवक गहरी खाई में गिरा, मौके पर ही दर्दनाक मौत

Spread the love

विकासनगर: उत्तराखंड से आज एक बेहद ही दुखद खबर सामने आ रही है मामला विकासनगर के कालसी थाना क्षेत्र का है। जहाँ शादी समारोह से लौट रहे युवक की गहरी खाई में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी में रख दिया है। जानकारी के मुताबिक बीती रात साहिया के पास एक युवक शौच के लिए वाहन से उतरा। अचानक पैर फिसलने से युवक गहरी खाई में जा गिरा। इस घटना से उसके साथियों में हड़कंप मच पड़ा। सभी लोग बारात से लौट रहे थे। साथियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद साहिया पुलिस चौकी प्रभारी नीरज कठैत अपनी टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। किसी तरह युवक को खाई से बाहर निकाला। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। साहिया पुलिस चौकी प्रभारी नीरज कठैत ने बताया कि गंभीर चोटें आने के चलते युवक की मृत्यु हो चुकी थी। मृतक की शिनाख्त देव चौहान (22) पुत्र अनिल चौहान निवासी सीना चांदपुर जनपद बिजनौर उत्तर प्रदेश रूप में हुई है। वहीँ मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।