कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा को सड़क दुर्घटना में मारने की थी साजिश, एसआईटी करेगी मामले की जांच, बढ़ाई गई सुरक्षा

Spread the love

देहरादून: कैबिनेट मंत्री की हत्या कर बदमाश इसे सड़क दुर्घटना दर्शाने का षड्यंत्र रच रहे थे। षड्यंत्र के लिए बदमाश रेकी भी कर रहे थे। पुलिस जांच में अब तक यह सबसे बड़ा तथ्य निकलकर सामने आया है। इस संबंध में खुद मंत्री भी आशंका जता चुके हैं। मंत्री से हीरा सिंह की मुलाकात भी इस षड्यंत्र और रेकी का हिस्सा माना जा रहा है। ऊधमसिंह नगर पुलिस अब तक मामले में मुख्य साजिशकर्ता समेत चार लोगों को गिरफ्तार भी कर चुकी है।

वहीं मामला कैबिनेट मंत्री की हत्या की साजिश से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने इस मामले में एसआईटी का गठन कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। जिसमें पुलिस के कई तेज तर्रार अधिकारियों को शामिल किया गया है। 11 सदस्यों वाली टीम में सितारगंज पुलिस, एसओजी और तेज तर्रार दारोगा सहित सिपाहियों को रखा गया है। इसके अलावा मंत्री के आवास की भी सुरक्षा को बढ़ाते हुए पुलिस मुख्यालय से पत्राचार किया जा रहा है। उत्तराखंड के गन्ना विकास एवं पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा की हत्या की साजिश रचने वाले चार आरोपियों को जनपद पुलिस जेल भेज चुकी है।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि 11 सदस्यों की एसआईटी का गठन किया गया है, जो अलग-अलग एंगल से जांच करेगी। सुरक्षा के लिए लोकल स्तर पर काम किया जा रहा है। टीम में दो इंस्पेक्टर, चार उप निरीक्षक और पांच कांस्टेबलों को तैनात किया है, जो अलग अलग टास्क में काम करेंगे। सड़क दुर्घटना में हत्या करने की साजिश की बात कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा भी कह चुके हैं। उन्होंने बताया कि हीरा सिंह उनसे मिल चुका था। उन्हें आशंका है कि साजिशकर्ता उनकी हत्या सड़क दुर्घटना में करना चाहते थे। वह उनके निकलने का ही इंतजार कर रहे होंगे।