नैनीताल में क्लोरीन गैस सिलेंडर लीक होने से मचा हड़कंप, खाली करवाया गया इलाका

Spread the love

नैनीताल के जल संस्थान पंप हाउस में क्लोरीन गैस सिलेंडर लीक होने से हड़कंप मच गया। Nainital Chlorine Gas Leakage बताया जा रहा है कि क्लोरीन गैस के संपर्क में आने से कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें बीडी पांडे अस्पताल नैनीताल में भर्ती कराया गया है। क्लोरीन गैस लीक होने की सूचना के बाद देर शाम तक जिला प्रशाासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, दमकल व स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अग्निशमन कर्मियों व पुलिस की मदद से 150 लोगों को घरों से बाहर निकाल प्रभावित क्षेत्र से दूर भिजवाया। मगर इस बीच चपेट में आने से चार लोगों की हालत बिगड़ गयी। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग की टीम ने पौने चार घंटे बाद सिलेंडर को सूखाताल झील में डाल निस्तारित किया।

अग्निशमन अधिकारी किशोर उपाध्याय ने बताया कि क्लोरीन गैस को बेकिंग सोडा के साथ रासायनिक क्रिया कर निस्तारित किया जाता है। क्षेत्र में गहरा गड्डा कर करीब एक कुंतल के गैस सिलिंडर को डिस्पोज किया गया। समय रहते आस-पास रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया गया था। क्लोरीन गैस का सिलेंडर पानी को फिल्टर करने के लिए पंप हाउस में रखा गया था, जिसके लीक होने के कारण का पता नहीं लग पाया है। वहीं, नैनीताल एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि शाम चार बजे क्षेत्र में गैस लीक होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद वो मौके पर पहुंचे और आसपास के 100 मीटर के दायरे को खाली करा लिया गया था।