Uttrakhand weather update: देश के कई हिस्सों में मॉनसून दस्तक दे चुका है। केरल, गोवा और मुंबई में बारिश की गतिविधियां शुरू हो गई हैं। पूर्वोत्तर के इलाकों में भी भारी बारिश शुरू हो चुकी है। कर्नाटक, झारखंड और आंध्र प्रदेश में भी बारिश की बौछार देखी जा चुकी हैं। आज से उत्तराखंड में भी तपती गर्मी से जल्द लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।मौसम विभाग की मानें तो आज उत्तराखंड में कहीं-कहीं तीव्र बौछार होने के साथ अधिकांश स्थानों में हल्की से मध्यम बारिश गर्जन के साथ हो सकती है।
मौसम विभाग ने कई जिलों में अगले 48 घंटे भारी बारिश, आंधी व आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के चलते बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है। इससे प्रदेश के अधिकतम तापमान में कुछ कमी दर्ज की जाएगी। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि राज्य में कहीं-कहीं गर्जन के साथ बिजली चमकने की संभावना है। वहीं, राज्य के कुछ स्थानों पर दिन के समय तेज सतही झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना भी है।
मिली जानकारी के अनुसार राज्य में बुधवार से नैनीताल, चम्पावत, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जिलों में कहीं कहीं भारी बारिश, आंधी व आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। 15 से 17 जून तक राज्य के अनेक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, तीव्र बौछार व दिन के समय आंधी की संभावना है। नैनीताल, चम्पावत, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश को लेकर स्थानीय प्रशासन को सतर्कता बरतने का सुझाव दिया गया है। अन्य जिलों में मौसम साफ और गर्म रहेगा। 15 जून के बाद प्री-मानसून की बरसात होने की संभावना है। जबकि राज्य में 21 जून के बाद मानसून दस्तक दे सकता है।
यदि आप आगामी 16 जून को पहाड़ी क्षेत्रो में सफर करने जा रहे हैं तो कृप्या ध्यान दे ! मौसम विभाग के द्वारा आगामी 16 जून को पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। वही देहरादून में जून माह में जलती चुभती गर्मी ने लगातार दो बार पिछले 10 सालों का रिकार्ड तोड़कर दूनवासियों को बदलते मौसम का अहसास कराया है। जून माह के शुरुआती 13 दिन में दस दिन ऐसे रहे हैं जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचा है।