Uttarakhand Congress: कांग्रेस की कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक कुल 3570 किलोमीटर की भारत जोड़ो यात्रा को सफल बनाने के लिए देशभर के तमाम राज्यों में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वहीं उत्तराखंड के सभी जिलों में इस यात्रा को सफल बनाने के लिए प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने जिला समन्वयकों नामित किए गए हैं। देशभर में इस पूरी यात्रा के दौरान उत्तराखंड से पार्टी के संचार विभाग के सचिव वैभव वालिया, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला, अंकित शाह, इशिता शाह, राजपाल बिष्ट और मोहित उनियाल साथ रहेंगे।
प्रदेश कांग्रेस महामंत्री संगठन विजय सारस्वत ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा के लिए सभी 13 जिलों में समन्वयक नियुक्त किए गए हैं। नैनीताल में गोविंद सिंह बिष्ट, बागेश्वर में हरीश ऐठानी, चम्पावत में योगेश मेहता, अल्मोड़ा में रमेश सकलानी, पिथौरागढ़ में मुकेश पंत और चमोली में विकास जुगरान को समन्वयक बनाया गया है। पौड़ी जिले में बलबीर सिंह रावत, टिहरी में शांति प्रसाद भट्ट, उत्तरकाशी में दिनेश गौड़, हरिद्वार में अमन गर्ग, देहरादून में राजेश चमोली, उत्तरकाशी में नरेंद्र बिष्ट को यह जिम्मेदारी दी गई है।
कांग्रेस मुख्यालय भवन में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जुबेर खान ने कहा कि पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में सात सितंबर से शुरू होने वाली भारत जोड़ो यात्रा एतिहासिक होगी। राहुल गांधी के साथ कुल 118 नेता कन्याकुमारी से कश्मीर तक पदयात्रा करेंगे। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड कांग्रेस से संचार विभाग के सचिव वैभव वालिया, महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ज्योति रौतेला, अंकित शाह, इशिता शाह, राजपाल बिष्ट, मोहित उनियाल, राहुल गांधी के साथ पूरी यात्रा में शामिल होंगे।
भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह भाजपा पूरे देश में साम्प्रदायिक सौहार्द के वातावरण को खराब कर रही है, उसके लिए भारत जोड़ो यात्रा महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय में देश ने जो संपत्ति जोड़ी, भाजपा सरकार की ओर से उन्हें अपने मित्र उद्योगपतियों को बेचा जा रहा है। देश में लगातार बेरोजगारी बढ़ रही है। जुबेर खान ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा एक बदलाव की यात्रा है। इससे समाज में एकजुटता और देश में हिटलरशाही को खत्म करने का संदेश दिया जाएगा।