Kartik Purnima Snan 2022: आज कार्तिक पूर्णिमा का स्नान पर्व है। यह साल का आखिरी पर्व स्नान है। कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर मंगलवार को धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। हरकी पैड़ी श्रद्धालुओं से खचाखच भरी नजर आई। कार्तिक स्नान पर्व पर गंगा स्नान करने का विशेष महत्व माना जाता है। इसके चलते हरकी पैड़ी पर लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में पावन डुबकी लगाई।
श्रद्धालु गंगा स्नान के बाद मंदिरों में पूजा अर्चना नहीं कर पा रहे हैं। चंद्रग्रहण के चलते पिछले स्नानों के मुकाबले श्रद्धालुओं की अपेक्षित भीड़ नहीं दिख रही है। श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने से अपर रोड समेत हरकी पैड़ी क्षेत्र के बाजारों में खासी चहल-पहल दिखी। हरकी पैड़ी समेत गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हरकी पैड़ी की प्रबंधकारिणी संस्था श्री गंगा सभा के अलावा पुलिस की ओर से इंतजाम किए गए हैं।
आज साल का आखिरी पर्व स्नान कार्तिक पूर्णिमा और चंद्र ग्रहण एक साथ पड़ रहा है। अब 14 जनवरी 2023 जनवरी में मकर संक्रांति पर सबसे बड़ा स्नान होगा। हरिद्वार में चंद्र ग्रहण शाम को 57 मिनट रहेगा। चंद्र ग्रहण की अवधि को छोड़कर बाकी पूरे दिन श्रद्धालु गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य कमा सकते हैं। ग्रहण से नौ घंटे पूर्व सूतक लगने से पहले मंदिरों के कपाट श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिए गए हैं।