Dehradun Suicide: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में युवक-युवती के आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। दोनों के शव एक घर से बरामद हुए। पुलिस को कमरे से एक इंजेक्शन मिला है। माना जा रहा है कि दोनों ने एक-दूसरे को जहर का इंजेक्शन देकर मौत को गले लगा लिया। लड़के के परिजनों ने पुलिस को इस घटना की सूचना दी। जानकारी के मुताबिक रेसकोर्स क्षेत्र स्थित एक घर पर युवक व महिला ने सुसाइड किया है। दोनों के शव युवक के घर से बरामद हुए हैं। बताया जा रहा है कि दोनों ने प्रेम प्रसंग के चलते सुसाइड किया है। 25 वर्षीय राहुल मैक्स में लैब टेक्नीशियन का काम करता था। वहीं उसकी महिला शिल्पा के साथ चार- पांच साल से दोस्ती थी। कुछ समय पहले शिल्पा की शादी हुई थी। राहुल अविवाहित था।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार देर रात राहुल शिल्पा को लेकर अपने घर पहुंचा और दोनों ने जहर का इंजेक्शन लगा लिया। सुबह जब राहुल ने दरवाजा नहीं खोला तो परिवार वालों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर देखा तो दोनों के शव बिस्तर पर पड़े थे। पुलिस को मौके से इंजेक्शन व जहर की शीशी बरामद हुई है। वहीं आत्महत्या करने से पहले राहुल ने अपने व्हाट्सअप स्टेटस पर ‘बाय सबको’ लिखा था। मृतक शिल्पा थापा का मायका व ससुराल भगत सिंह कॉलोनी में है। उसका चार साल का बच्चा भी है। उसका पति नगर निगम में ड्राइवर का काम करता है। पुलिस के मुताबिक वह इन दिनों अपने मायके आई हुई थी। राहुल के परिजन भी लड़की के बारे में बहुत ज्यादा नहीं जानते हैं। इसे प्रेम प्रसंग से ही जोड़कर देखा जा रहा है।