UKSSSC Paper Leak का मास्टरमाइंड बीजेपी पार्टी से 6 साल के लिए निस्काषित, कांग्रेस ने की सीबीआई जांच की मांग

Share

UKSSSC Paper Leak: उत्तराखंड सरकार यूकेएसएससी पेपर लीक मामले में सख्त नजर आ रही है। एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई के बाद बीजेपी ने हाकम सिंह रावत को पार्टी से 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की स्नातक स्तरीय परीक्षा में पेपर लीक मामले में पकड़े गए उत्तरकाशी के जिला पंचायत सदस्य हाकम सिंह रावत को भारतीय जनता पार्टी ने छह साल के लिए निकाल दिया है। पार्टी अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के निर्देशों पर यह कार्रवाई की गई है।

रावत के भाजपा से छह वर्ष के लिए निष्कासन के बाद मोरी क्षेत्र सहित उससे जुड़े व्यक्तियों व कुछ पंचायत प्रतिनिधियों में हड़कंप मचा हुआ है। मोरी के लिवाड़ी गांव निवासी हाकम सिंह रावत की राज्य के विभिन्न जनपदों में काफी संपत्ति है। एसटीएफ लगातार उस पर नजर बनाए हुए है। जिला पंचायत सदस्य हाकम सिंह रावत लंबे समय से भाजपा से जुड़ा था। भाजपा के कई नेताओं और एक पूर्व मुख्यमंत्री से उसकी गहरी निकटता है।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि उनकी पार्टी पहले ही दिन से इस मुद्दे पर लड़ाई लड़ रही है। कांग्रेस ने विधानसभा में मामला उठाने के साथ ही सचिवालय घेराव भी किया था। उन्होंने कहा कि पहले ही दिन से हम कह रहे हैं कि इस मामले में सरकार, उसके नेता, भ्रष्ट अधिकारी बड़े पैमाने पर शामिल हैं। हाकम सिंह एक छोटी सी चिड़िया है। उसकी सोशल मीडिया पर तमाम नेताओं और अधिकारियों के साथ तस्वीरें वायरल हो रही हैं। उसके रिजॉर्ट में नेता व अधिकारी ठहरते हैं, जिससे पता चलता है कि हाकम सिंह की पहुंच कहां तक है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसमें भाजपा के नेता भी शामिल हैं। उन्होंने पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है।