UKSSSC चयन आयोग के अध्यक्ष की कुर्सी खाली, सरकार कर रही विचार, वरिष्ठ सदस्य को दी जा सकती है जिम्मेदारी

Spread the love

देहरादून: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग में आयोग के अध्यक्ष एस राजू के इस्तीफे के बाद से व्यवस्थाएं चरमराई हुई हैं। खाली पड़ी अध्यक्ष की कुर्सी की जिम्मेदारी जल्द ही आयोग के किसी वरिष्ठ सदस्य को दी जा सकती है। दूसरी ओर, सरकार उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष को भी यहां की जिम्मेदारी देने पर विचार कर रही है। स्नातक स्तरीय परीक्षा में पेपर लीक प्रकरण सामने आने के बाद नैतिक जिम्मेदारी के तहत अध्यक्ष एस राजू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

चयन आयोग में अध्यक्ष न होने के चलते आयोग में नई विज्ञप्तियों से लेकर भर्तियों की परीक्षाओं की प्रक्रिया भी बाधित हो रही है। सूत्रों के मुताबिक, आयोग अध्यक्ष पद पर फिलहाल सरकार आयोग के ही किसी वरिष्ठ सदस्य को जिम्मेदारी दे सकती है। वर्तमान में आयोग में दो सदस्य विनोद चंद्र रावत और डॉ. प्रकाश चंद्र थपलियाल हैं। बताया जा रहा है कि इनमें विनोद चंद्र रावत वरिष्ठ हैं। अपर सचिव कार्मिक ललित मोहन रयाल ने बताया कि चयन आयोग के अध्यक्ष को लेकर उच्च स्तर पर प्रस्ताव भेजा जा चुका है। अब मुख्यमंत्री के अनुमोदन के बाद ही कोई निर्णय होगा।