Uttarakhand Congress AICC Members List: उत्तराखंड कांग्रेस में एआईसीसी की सूची जारी होते ही घमासान शुरू हो गया। सूची में कई वरिष्ठ नेताओं के नाम गायब हैं तो कुछ ऐसे नाम शामिल किए गए हैं, जिनका यहां से कोई सरोकार नहीं है। प्रीतम के अनुसार, प्रभारी ऐसा करके उत्तराखंड में कांग्रेस को कमजोर करने का काम कर रहे हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सूची में उत्तराखंड कांग्रेस के सीनियर नेताओं को जगह नहीं दी गई। इतना ही नहीं उत्तरकाशी और चंपावत जिले को ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य के रूप में प्रतिनिधित्व नहीं मिला। बात यहीं तक खत्म नहीं होती, कुछ ऐसे नेताओं को भी सूची में तवज्जो दे दी गई, जो हकीकत में उत्तराखंड की राजनीति में दूर-दूर तक सक्रिय नहीं दिखते और दूसरे राज्य से ताल्लुक रखते हैं।

चौंकाने वाली बात ये है कि इस सूची में कई सीनियर विधायकों को ही जगह नहीं मिल पाई। इसमें तिलक राज बेहड़, मदन बिष्ट, मयूख महर, खुशाल सिंह अधिकारी और गोपाल राणा जैसे विधायक सूची से बाहर हो गए। बाकी नामों पर गौर करें तो गोविंद सिंह कुंजवाल जैसे सीनियर नेता भी इस सूची में जगह नहीं बना पाए। इसके अलावा दिनेश अग्रवाल सुरेंद्र सिंह नेगी भी पार्टी हाईकमान की तवज्जो नहीं आ पाए। प्रीतम ने कहा, प्रभारी देवेंद्र यादव अपनी मर्जी से ही पार्टी चलाना चाहते हैं। वह खुद एक पार्टी बने हुए हैं। वह अपने दायित्व का निर्वहन नहीं कर रहे हैं। एक पक्षीय निर्णय लेकर पार्टी को कमजोर करने का काम कर रहे हैं। उनके कृत्यों से कार्यकर्ता हतोत्साहित हैं। इस बार फिर प्रीतम ने जिस अंदाज में देवेंद्र के खिलाफ मोर्चा खोला है, उससे तय है कि आने वाले दिनों पार्टी के भीतर इस मुद्दे को लेकर घमासान मच सकता है।