देहरादून: उत्तराखंड में जहां कांग्रेस लगातार कमजोर होती हुई दिखाई दे रही है। वहीं, बीजेपी अपने आप को और मजबूत करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। हरिद्वार जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से पहले लगातार कांग्रेस और बसपा सहित अन्य पार्टियों में सेंधमारी जारी है। इसी क्रम में शनिवार को हरिद्वार रुड़की के व्यापार मंडल सहित गुरुद्वारा साहिब और अन्य संगठन से जुड़े 30 से अधिक लोगों ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय में भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा।
भारतीय जनता पार्टी के बलवीर रोड स्तिथ प्रदेश कार्यालय में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक और रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा ने हरिद्वार और रुड़की के विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों और व्यापार मंडल सहित गुरुद्वारा कमेटी के पदाधिकारियों को भाजपा की सदस्यता ग्रहण करवाई। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने पार्टी ज्वॉइन करने वाले नए सदस्यों को आश्वस्त किया कि आज वह दुनिया के सबसे बड़े परिवार से जुड़े हैं।
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि आज नरेंद्र मोदी की देश के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का नतीजा है कि अन्य पार्टी और विचारधारा के लोग भी लगातार भाजपा का दामन थाम रहे हैं। वहीं, कांग्रेस की ओर से लगाए गए सेंधमारी के आरोप पर मदन कौशिक ने पलटवार करते हुए कहा कि अगर कांग्रेस को हरिद्वार और रुड़की के विभिन्न संगठनों के लोगों का भाजपा से जुड़ना सेंधमारी लगता है, तो कांग्रेस को अपनी रीतियों और नीतियों को मजबूत करना चाहिए।