उत्तराखंड: नया रिकॉर्ड बनाने की ओर चारधाम यात्रा, अब तक 29.48 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

Share

Chardham Yatra Update: चारधाम यात्रा 2023 अपने शबाब पर है। 22 जून से शुरू हुई यात्रा में 30 लाख से ज्यादा श्रद्धालु अभी तक चारों धामों के दर्शन कर चुके हैं। 10 लाख से ज्यादा श्रद्धालु अकेले केदारनाथ यात्रा कर चुके हैं। खास बात ये है कि उत्तराखंड में बारिश होने के बावजूद भी श्रद्धालुओं की भीड़ कम नहीं हो रही है। मौजूदा समय में भी 35 से 40 हजार के करीब चारधाम के दर्शन कर रहे हैं। हालांकि, शुरुआती दिनों के मुकाबले श्रद्धालुओं की संख्या में कमी जरूर आई है। शुरू में करीब 60 हजार यात्री हर दिन धामों के दर्शन कर रहे थे। वहीं, खबर ये है कि केदरनाथ धाम यात्रा के पंजीकरण पर 25 जून तक रोक लगा दी गई है। ये रोक ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों पर ही लगाई गई है। इसमें सबसे अधिक 10.20 लाख यात्री केदारनाथ धाम में दर्शन कर चुके हैं। सरकार को इस बार यात्रा में 50 लाख से अधिक यात्रियों के आने की उम्मीद है। यात्रा के लिए पंजीकरण की संख्या भी 48 लाख से अधिक हो गई है।

बदरीनाथ धाम में यात्रियों की संख्याः भू बैकुंठ धाम से प्रसिद्ध बदरीनाथ में अभी तक 8,98,281 श्रद्धालु बदरी विशाल के दर पर पहुंच चुके हैं। 19 जून को 13,850 श्रद्धालुओं ने बदरीनाथ धाम में मत्था टेका।

केदारनाथ धाम में यात्रियों की संख्याः केदारनाथ धाम में आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। सबसे ज्यादा श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंच रहे हैं। अभी तक 10,29,844 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन कर लिए हैं। वहीं, 21 जून को केदारनाथ में 12,688 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए।

गंगोत्री धाम में यात्रियों की संख्याः गंगोत्री धाम के दर्शन करने वालों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। अभी तक 5,54,287 श्रद्धालु गंगोत्री धाम पहुंच चुके हैं। 21 जून को 5960 श्रद्धालुओं ने मां गंगा के दर्शन किए।

यमुनोत्री धाम में यात्रियों की संख्याः चारों धामों में सबसे पहले 22 अप्रैल को यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खोले गए थे। यमुनोत्री धाम की बात करें तो अभी तक 4,66,378 श्रद्धालु मां यमुना के दर्शन कर चुके हैं। 21 जून को 4083 श्रद्धालुओं ने यमुनोत्री धाम के दर्शन किए।