सियासत : ममता देवी निर्विरोध चुनी गईं रायपुर ब्लॉक की प्रमुख

Share

रायपुर ब्लॉक में सोमवार को हुई चुनाव प्रक्रिया के बाद भाजपा से जुड़ी ममता देवी ब्लॉक प्रमुख चुनी गईं। अक्तूबर माह में रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ की करीबी ब्लॉक प्रमुख दिव्या भारती का इस्तीफा स्वीकार होने के बाद ज्येष्ठ उपप्रमुख इतवार सिंह रमोला को प्रभारी ब्लॉक प्रमुख का चार्ज दिया गया।

18 दिसंबर को ब्लॉक प्रमुख चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई थी। इसके तहत ममता देवी ने नामांकन किया। एक ही नामांकन होने के बाद सोमवार को नाम वापसी के अंतिम दिन ममता देवी को ब्लॉक प्रमुख घोषित किया गया। 22 दिसंबर को चुनाव होने थे, लेकिन एक ही प्रत्याशी होने के कारण ममता देवी निर्विरोध निर्वाचित हुईं। भाजपा जिलाध्यक्ष शमशेर सिंह पुंडीर, महानगर अध्यक्ष सीताराम बडोनी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्याम सिंह पुंडीर, ज्येष्ठ प्रमुख इतवार सिंह रमोला, जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, कनिष्ठ उपप्रमुख राजपाल, राजेश शर्मा, राजकुमार पुरोहित, अतुल पुंडीर, धीरज थापा, देवी, गीता देवी, मीनाक्षी कोठारी, मधुबाला रावत, मधुबाला, नीतू खत्री ने नवनियुक्त ब्लॉक प्रमुख का स्वागत किया। चुनाव अधिकारी सुशील मोहन डोभाल ने नामवापसी प्रक्रिया के बाद ममता देवी को ब्लॉक प्रमुख घोषित किया गया है। नई ब्लॉक प्रमुख ममता देवी भोपालपानी डोईवाला से क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं और भाजपा रानीपोखरी मंडल में विशेष आमंत्रित सदस्य हैं।